साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे T-20 में रिंकू सिंह ने अपना पहला T-20 इंटरनेशनल अर्धशतक जड़ा। जिस वक्त भारत का स्कोर 19.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 180 रन था, बारिश आ गई। इसके बाद साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 15 ओवर में 152 का लक्ष्य मिला।
प्रोटियाज ने 13.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हार से रिंकू सिंह की पारी की अहमियत कम नहीं हो जाती। जब रिंकू सिंह बल्लेबाजी के लिए उतरे, भारत का स्कोर 5.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 55 रन था। साउथ अफ्रीकी कप्तान ऐडन मार्करम ने गकेबेरहा स्थित सेंट जॉर्ज पार्क क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था।
अफ्रीकी गेंदबाजों ने भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों को बगैर खाता खोले पवेलियन पहुंचा दिया था। तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह ने 23 गेंद पर 49 रन जोड़कर भारतीय टीम को मैच में वापस लाया था। ऐसे में 29 के व्यक्तिगत स्कोर पर तिलक के आउट होने के बाद मुकाबला फिसल सकता था।
रिंकू सिंह ने आते ही गेराल्ड कूट्जी के छठे ओवर की अंतिम गेंद पर डाउन द ग्राउंड चौका जड़कर अपनी पारी शुरू की। मार्को जानसेन के 11वें ओवर की पांचवीं फुलर फुलर लेंथ गेंद पर रिंकू सिंह ने मिड ऑफ के ऊपर से चौका जड़ा। लॉन्गऑफ फील्डर 30 गज दायरे के अंदर था। ऐसे में रिंकू सिंह के लिए यह गेंद तोहफा थी, जिसे उन्होंने दोनों हाथों से स्वीकार किया।
जानसेन ने 11वें ओवर की अंतिम गेंद शॉर्ट डिलीवरी डाली। रिंकू सिंह ने क्रीज के भीतर खड़े होकर थर्ड मैन की दिशा में चौका लगा दिया। फेहलुकवायो के 13वें ओवर में रिंकू सिंह टूट कर पड़े। ओवर की पहली गेंद लेग स्टंप पर शॉर्ट ऑफ लेंथ थी। रिंकू सिंह ने डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में पुल शॉट पर चौका हासिल कर लिया।
दूसरी गेंद डाउन लेग यानी हिट मी बॉल। सूर्यकुमार यादव ने आसानी से फाइन लेग की दिशा में पुल शॉट पर ओवर का दूसरा चौका लगा दिया। फेहलुकवायो ने ओवर की पांचवीं गेंद धीमी गति के साथ डाली, लेकिन लाइन लेग स्टंप के बाहर थी। रिंकू ने आसानी से ओवर का तीसरा चौक बटोर लिया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव 56 रन बनाकर आउट हो गए। रिंकू सिंह दूसरे छोर से लगातार बड़े शॉट खेलते रहे। विलियम्स के 15वें ओवर की पहली धीमी गेंद पर रिंकू सिंह ने पॉइंट के ऊपर से कट करते हुए चौका जड़ दिया। अगली शॉर्ट गेंद को रिंकू सिंह ने अपने शरीर के करीब आने दिया। फिर बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में कट शॉट पर ओवर का दूसरा चौका लगा दिया। विलियम्स ने ओवर की पांचवीं गेंद धीमी गति के साथ शॉर्ट बॉल डाली। रिंकू सिंह ने एक पैर पर खड़े होकर इनफील्ड क्लियर किया और फाइन लेग के ऊपर से चौका लगा दिया।
कप्तान ऐडन मार्करम के 16वें ओवर की चौथी गेंद पर लॉन्गऑन की दिशा में सिंगल लेकर रिंकू सिंह ने अपना पहला T-20I अर्धशतक पूरा कर लिया। ऐडन मार्करम के 19वें ओवर की पांचवी और छठी गेंद पर रिंकू सिंह ने गगनचुंबी छक्के उड़ाए। पांचवीं गेंद पर रिंकू सिंह आगे निकल कर आए और वाइडर लॉन्गऑन के ऊपर से छक्का जड़ दिया। अंतिम गेंद पर फिर एक बार रिंकू सिंह ने स्टेप आउट किया और साइट स्क्रीन के ऊपर से छक्का जड़ा।
इस शॉट की वजह से मीडिया बॉक्स में लगा शीशा टूट गया। रिंकू सिंह 39 गेंद पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाकर नाबाद रहे। उनका स्ट्राइक रेट 174.36 रहा। उन्होंने चौथे विकेट के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ 48 गेंद पर 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी बनाई। रिंकू सिंह ने साबित कर दिया, वह पावरप्ले के दौरान बल्लेबाजी के लिए आने के बावजूद फिनिशर की भूमिका बखूबी निभा सकते हैं। कुछ लोगों के दिमाग में T-20 वर्ल्ड कप में रिंकू सिंह की भूमिका से जुड़े सवाल थे। उन्हें डाउट था कि रिंकू सिंह की जगह टीम में नहीं बन रही। रिंकू सिंह ने अपने प्रदर्शन के दम पर आलोचकों को जवाब दे दिया